Dhai Aakhar Prem

Dhai Aakhar Prem: 22 मई को इंदौर में होगा इप्टा की सांस्कृतिक यात्रा का समापन

Dhai Aakhar PremDhai Aakhar Prem : 45 दिवसीय यात्रा के दौरान 5 राज्यों में 250 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम
आजादी की जंग की साझी विरासत की रक्षा करने और शहीदों के सपनों को मंजिल तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन

इंदौर। आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में इंडियन पीपुल्स थिएटर एसोसिएशन (इप्टा) की ओर से आजादी की जंग की साझी विरासत की रक्षा करने एवं शहीदों के सपनों को मंजिल तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक सांस्कृतिक यात्रा (Dhai Aakhar Prem) का आयोजन किया है। इस यात्रा का उद्देश्य देश में लगातार बढ़ रही नफरत, सांप्रदायिक विद्वेष, हिंसा और असहिष्णुता का विस्तार के स्थान पर प्रेम, इंसानियत, सामाजिक सौहार्द को बढ़ाना भी है।

09 अप्रैल 2022 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से शुरू हुई यह यात्रा (Dhai Aakhar Prem) हिंदी भाषी पाँच राज्यों से गुजर रही है। छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश से गुजरते हुए 15 मई 2022 को छतरपुर, मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद टीकमगढ़, चंदेरी, अशोकनगर, गुना होते हुए 19 मई को यात्रा भोपाल पहुंचेगी। यात्रा का समापन 21-22 मई 2022 को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में होगा।

यह भी पढ़ें:  Bhopal Gas Tragedy: प्रकृति के ‘संरक्षक’ नहीं, उसके ‘अंश’ हैं, हम!

Dhai Aakhar Prem यात्रा के पहले चरण में देश के पांच हिंदी भाषी राज्यों में “ढाई आखर प्रेम के…” यात्रा में कलाकार गीत, संगीत, नृत्य नाटिका, लोक कलाओं के माध्यम से सांप्रदायिकता से दूर रहकर जनता को प्रेम से रहने का आव्हान कर रहे हैं।

इंदौर (मध्य प्रदेश) में इस यात्रा की तैयारी हेतु एक बैठक अभिनव कला समाज, गांधी हाल में संपन्न हुई। बैठक में इंदौर इप्टा इकाई के अलावा प्रगतिशील लेखक संघ, सिंधी अदबी संगत, मध्य प्रदेश भारतीय महिला फेडरेशन, एटक, सीटू, सर्वोदय श्रमिक महिला संगठन, मध्य प्रदेश घरेलू कामकाजी ट्रेड यूनियन, अभिनव कला समाज के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।

यह भी पढ़ें:  काम के घंटे नहीं, मजदूरी बढ़ाओ, मज़दूरों को सुरक्षित घर पहुंचाओ

बैठक में आयोजन हेतु स्वागत समिति के लिए सर्वश्री आनंद मोहन माथुर, आलोक खरे, नरहरी पटेल, शैला शिन्त्रे के नाम सर्वसम्मति से प्रस्तावित किए गए। इस अवसर पर ढाई आखर प्रेम यात्रा से संबंधित एक पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

आयोजन की जानकारी देते हुए इंदौर इप्टा इकाई के प्रमोद बागड़ी, विजय दलाल, अशोक दुबे एवं सारिका श्रीवास्तव ने बताया कि 22 मई को स्थानीय प्रेस क्लब में मुख्य आयोजन होगा। इसके पूर्व यात्री कलाकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों से मुलाकात करेंगे। आजादी के आंदोलन में शिरकत करने वाले नायकों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा। पोस्टर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा अन्य कई सांस्कृतिक आयोजनों हेतु विचार-विमर्श किया जा रहा है।