HollywoodStrike2023

hollywood double strike 2023: जब कलाकारों और लेखकों ने कहा— बस अब और नहीं!

2023 की हॉलीवुड डबल स्ट्राइक (hollywood double strike 2023)—जब लेखकों और अभिनेताओं ने AI और स्ट्रीमिंग कंपनियों की मनमानी के खिलाफ आवाज़ उठाई। इस ऐतिहासिक संघर्ष के कारण, प्रभाव और नतीजे।

hollywood double strike 2023हॉलीवुड की बात करते हुए अक्सर महज फिल्म, कैमरा, एक्टिंग, एक्शन, कहानी आदि की बात होती है, लेकिन संघर्ष, नारों, लड़ाई आदि का जिक्र कम होता है, बशर्ते वह पर्दे पर घटित न हुआ हो। लेकिन साल 2023 इस मामले में अलग था। दुनियाभर के अखबारों में इस साल हॉलीवुड का एक आंदोलन सुर्खियां बना। असल में, 2023 का साल हॉलीवुड के लिए कुछ अलग ही मोड़ लेकर आया। इस साल फिल्मों और टीवी शोज़ के पीछे काम करने वाले लेखकों और अभिनेताओं ने पहली बार एक साथ काम बंद कर दिया। 2 मई से 9 नवंबर 2023 तक चला यह संघर्ष किसी आम विरोध की तरह नहीं था, बल्कि ये पूरी इंडस्ट्री के भविष्य की लड़ाई थी। इस हड़ताल में Writers Guild of America (WGA) और SAG-AFTRA के सदस्यों ने मोर्चा संभाला। इसे मीडिया ने “Hollywood Double Strike” का नाम दिया, क्योंकि ऐसा इतिहास में महज दूसरी बार हुआ था। पहली बार 1960 में, जब लेखकों और अभिनेताओं ने एक साथ मिलकर हड़ताल की थी।

हड़ताल की वजह
इस हड़ताल की जड़ में दो बड़े मुद्दे थे। पहला था, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स की ओर से सही मेहनताना न मिलना। नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम, डिज़्नी+ जैसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को पूरी तरह बदल दिया है। पहले हॉलीवुड में टीवी पर किसी शो के बार-बार चलने से कलाकारों और लेखकों को ‘रेज़िडुअल’ नाम की एक रॉयल्टी मिलती थी, जिससे उनकी आजीविका चलती थी। लेकिन स्ट्रीमिंग मॉडल में यह रॉयल्टी लगभग खत्म हो गई।

यह भी पढ़ें:  Farmers Movement: क्या 2020 की जनवरी की तरह केंद्र के विरोध का गवाह बनेगा 2021 का शुरूआती महीना?

दूसरी वजह थी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से नौकरियों पर खतरा। AI अब महज बैकग्राउंड में काम करने वाला टूल नहीं रह गया है। बल्कि इसकी मदद से स्टूडियो नए स्क्रिप्ट लिखवा सकते थे, वॉयस-ओवर करवा सकते थे और यहां तक कि अभिनेताओं की डिजिटल कॉपी भी बना सकते थे। इससे लेखकों और अभिनेताओं को डर था कि कहीं वे अपने ही प्रोफेशन से बाहर न कर दिए जाएं।

और हॉलीवुड ठप हो गया!
इस हड़ताल ने हॉलीवुड के इतिहास की सबसे बड़ा बाधा पैदा की। इससे पहले सिर्फ कोविड-19 महामारी (2020) के दौरान ही इतनी बड़ी रुकावट आई थी। जब SAG-AFTRA ने 14 जुलाई 2023 को हड़ताल में शामिल होने का ऐलान किया, तब न्यूयॉर्क टाइम्स ने भविष्यवाणी कर दी थी कि आने वाले महीनों में इसका असर दर्शकों को भी दिखने लगेगा। और हुआ भी यही!

फ़िल्म और टीवी प्रोडक्शन रुक गए, कई प्रोजेक्ट्स कैंसल हो गए और लाखों डॉलर का नुकसान हुआ। कई स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनियों को या तो बंद करना पड़ा या भारी छंटनी करनी पड़ी। AI के बढ़ते प्रभाव के कारण कलाकारों और लेखकों के सामने रोज़गार बचाने की चुनौती थी।

बातचीत और समाधान
करीब चार महीने बाद सितंबर में लेखकों की यूनियन WGA और स्टूडियो कंपनियों (AMPTP) के बीच बातचीत शुरू हुई। 24 सितंबर को WGA और स्टूडियो के बीच एक समझौता हुआ, जिसके बाद 27 सितंबर को हड़ताल खत्म हो गई। दूसरी तरफ, अभिनेताओं की यूनियन SAG-AFTRA को अपना हक पाने के लिए और लंबा संघर्ष करना पड़ा। आखिरकार, 8 नवंबर को एक डील हुई और 9 नवंबर को हड़ताल खत्म हुई।

यह भी पढ़ें:  तीसरे विश्व युद्ध की आशंका: सभी संभावित परिदृश्यों पर एक नजर

कौन-कौन था संघर्ष में शामिल?
इस हड़ताल की अगुआई करने वालों में SAG-AFTRA की अध्यक्ष फ्रैन ड्रेशर और WGA की मेरिडिथ स्टिहम और माइकल विनशिप जैसे नेता थे। दूसरी ओर, AMPTP की ओर से कैरोल लोम्बार्डिनी कंपनियों का पक्ष रख रही थीं।

इस हड़ताल के बाद हुए बदलाव
इस हड़ताल ने यह दिखा दिया कि स्टूडियो अपनी मनमानी नहीं कर सकते। कलाकारों और लेखकों ने न सिर्फ अपनी रोज़गार सुरक्षा की गारंटी करवाई, बल्कि AI के इस्तेमाल के नियम तय करने पर भी सहमति बनी।

साथ ही स्ट्रीमिंग के बाद मिलने वाली रॉयल्टी में बढ़ोतरी हुई। AI के जरिए अभिनेताओं की आवाज़ या चेहरा इस्तेमाल करने से पहले उनकी अनुमति अनिवार्य की गई। स्क्रिप्ट लेखकों को बेहतर मेहनताना और काम करने की शर्तें दी गईं।

संघर्ष एक नया ट्रेंड
वॉक्स (Vox) ने इस हड़ताल को 2007 की हड़ताल से अलग बताया और कहा कि इस बार हॉलीवुड यूनियनों में जबरदस्त एकता थी। बिज़नेस इनसाइडर के मुताबिक, यह सिर्फ हॉलीवुड तक सीमित नहीं था, बल्कि अमेरिका और दुनिया भर में मज़दूर आंदोलनों की एक नई लहर का संकेत था।

और अंत में…
2023 की “हॉलीवुड डबल स्ट्राइक” सिर्फ एक हड़ताल नहीं थी, बल्कि एक क्रांति थी—रोज़गार की सुरक्षा, न्याय और मानवीय अधिकारों की लड़ाई के लिए। हॉलीवुड ने यह दिखाया कि जब रचनाकार, कलाकार और कर्मचारी एकजुट होते हैं, तो वे दुनिया की सबसे बड़ी इंडस्ट्री को भी झुका सकते हैं!