30 करोड़ महीना सेलरी वाले पत्रकार ने अमरीका की सबसे बड़ी बहस को किया होस्ट, भारत में हैं जड़ें

28 सितंबर 2016 को राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित

सचिन श्रीवास्तव 

अमरीकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन के बीच हुई बहुचर्चित बहस से पत्रकार लेस्टर हॉल्ट भी वैश्विक चर्चा का विषय रहे। ट्रंप के समर्थकों ने आरोप लगाया कि वे रिपब्लिकन उम्मीदवार के खिलाफ ज्यादा सख्त थे। वहीं हिलेरी समर्थकों ने उनकी खुलकर तारीफ की। अपने बेबाकी और सख्ती के लिए प्रसिद्ध लेस्टर करीब डेढ़ दशक से अमरीकी पत्रकारिता का प्रमुख चेहरा हैं। उन्होंने कई विशिष्ट रिपोर्टिंग की हैं।

लेस्टर हॉल्ट
जन्म: 8 मार्च 1959
अमरीकी पत्रकार। एनबीसी नाइटली न्यूज और डेटलाइन शो के एंकर। 1981 में पत्रकारिता की शुरुआत। अफगानिस्तान युद्ध, मिस्र क्रांति, जापान भूकंप आदि की रिपोर्टिंग। कई पुरस्कारों से सम्मानित।

30 करोड़ रुपए से ज्यादा का वेतन पाते हैं लेस्टर एनबीसी से।

जमैका से भारत तक हैं जड़ें
हाल्ट की मां का परिवार जमैका से है। उन्होंने अपनी जड़ों को जानने के लिए हाल में जमैका की यात्रा की थी। इस दौरान यह जानकारी भी मिली कि हाल्ट के नाना के पूर्वजों का ताल्लुक भारत से था। इस तरह हाल्ट का ताल्लुक भारत से भी है।

यह भी पढ़ें:  रक्षा समझौते से राजनीतिक हितों को साधने की कोशिश

बतौर डिस्क जॉकी शुरू किया कॅरियर
कॉलेज के दिनों से ही हाल्ट रेडियो में काम करने लगे थे। वे असाइनमैंट के आधार पर काम करते थे। कॉलेज से निकलने के बाद उन्होंने डिस्क जॉकी का काम शुरू कर दिया। यह आठवें दशक के आखिरी सालों की बात है।

1981 में सीबीसी से पत्रकारिता शुरू की
सीबीसी में 1981 में उन्होंने बतौर जूनियर पत्रकार अपने कॅरियर की शुरुआत की। एक साल के अनुभव के बाद उन्हें लॉस एंजिलिस में एंकर बना दिया गया। इसी साल उन्होंने अपनी प्रेमिका कारोल से शादी की। 1986 में हाल्ट शिकागो गए और उन्होंने वहां 14 साल बिताए। इसके बाद वे 2000 में एमएस एनबीसी से जुड़े और न्यूयॉर्क में बस गए। फिलहाल हाल्ट अपनी पत्नी कारोल हेगन और दो बच्चों के साथ न्यूयॉर्क में ही रहते हैं।

यह भी पढ़ें:  Long live Bolivarian Revolution. Long live Socialism, Long Live legacies of Comrade Chavez

ब्रायन विलियम की छुट्टियों ने दिलाया स्टारडम
2015 में इराक युद्ध की एक रिपोर्टिंग के लिए ब्रायन विलियम विवादों में रहे। वे एनबीसी के प्रमुख एंकर हैं। उस वक्त नाइटली न्यूज शो विलियम करते थे। विवाद के कारण विलियम कुछ दिन की छुट्टियों पर रहे। इस दौरान लेस्टर को यह शो मिला और बाद में वे इसका स्थायी हिस्सा बन गए।

फिल्मों में भी किया काम
लेस्टर ने कुछ फिल्मों में भी छोटे-छोटे रोल किए हैं। 1993 की हैरिसन फोर्ड और टॉमी ली जॉन्स की द फ्यूजिटिव में उन्होंने एक कैमियो किया था। 1998 में आए इसके सिक्वल में भी उन्होंने अभिनय किया। यूएस मार्शल और प्रिमल फियर के अलावा उन्होंने टीवी शो रेड, व्हाइट, ऑर ब्लू आदि में भी काम किया है।